रिजर्व पुलिस लाइन में सोमवार को बीटिंग द रिट्रीट (परिसमाप्ति) समारोह में बैंड की धुन पर देशभक्ति का राग गूंजा। इसी के साथ गणतंत्र दिवस समारोह विदा हो गया। गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल विजयी प्रतिभागियों को राज्यपाल ने सम्मानित किया।
सेना के पाइप बैंड ने सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा... गीत पर धुन छेड़ी तो वहां मौजूद दर्शक उल्लास से भर गए। ब्रगुलर्स ने सबसे पहले बिगुल बजाकर राज्यपाल का स्वागत किया। वहीं, केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान होमगार्ड के पाइप बैंड ने दे दी हमें आजादी... गाने पर प्रस्तुति दी। इसके बाद पीएसी 32 बटालियन, राजभवन स्कूल के बच्चे, हाेमगार्ड मुख्यालय की ब्रास बैंड टुकड़ी, पीएसी 35 बटालियन की ब्रास बैंड और आर्मी मिलिट्री बैंड ने मोहक प्रस्तुति देकर तालियां बटोरीं। समारोह के दौरान राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस परेड में शामिल विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। एलडीए और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की झांकी को पहला स्थान मिला। राजभवन की झांकी को दूसरा और उप्र पर्यटन निदेशालय, सीएमएस व उप्र संस्कृत संस्थानम की झांकी को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला। परेड में पहले नंबर पर गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट, दूसरे नंबर पर सिख लाइट इंफेंट्री और तीसरे नंबर पर कोर ऑफ इंजीनियर बंगाल सैपर्स रहे। वहीं, बेस्ट मार्चिंग पैरा मिलिट्री में सीआरपीएफ, आइटीबीपी और एसएसबी की पुरुष टुकड़ी को पहला स्थान मिला।
ये भी हुए पुरस्कृत
समारोह में पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, पीआरडी, यूपी एसटीएस कमांडो, यूपी होमगार्ड, एनसीसी, एलपीएस, अटल आवासीय विद्यालय, सेंट जोसेफ, 35 पीएसी, जीआर व 7 कुमाऊं रेजीमेंट, सिख लाइट इंफेंट्री, 11 जीआरआरसी, आइटीबीपी, 32 पीएसी, बाल निकुंज इंटर काॅलेज पलटन छावनी और एसआर ग्लोबल को अलग-अलग प्रस्तुतियों में पुरस्कृत किया गया।