रायबरेली। नगरीय निकाय निदेशालय उत्तर प्रदेश की अपर निदेशक रितु सुहास ने रविवार को दोपहर नगर पंचायत सभागार में एक नगर पालिका और नौ नगर पंचायतों के ईओ के साथ बैठक की। उन्होंने अब तक कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 जल्द शुरू होने वाला है। इसलिए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। इसमें कतई लापरवाही न बरते।
उन्होंने कहा कि शासन की मंसानुरूप कार्य किया जाए। नाली, सड़क, पेयजल जैसी सुविधाएं नागरिकों तक पहुंचाई जाए। जहां पर इन सुविधाओं की कमी है, उसका प्रस्ताव तैयार करके काम कराएं। नगर पालिका रायबरेली और नौ नगर पंचायतों बछरावां, शिवगढ़, सलोन, नसीराबाद, परशदेपुर, महराजगंज, ऊंचाहार, लालगंज, डलमऊ के ईओ के साथ बैठक में अपर निदेशक का पूरा फोकस स्वच्छता भारत मिशन योजना को सफल बनाने का रहा। कहा कि निकायों में साफ-सफाई बेहतर होनी चाहिए। वार्डों में गंदगी नहीं रहनी चाहिए। बैठक के बाद अपर निदेशक ने नगर पंचायत से संचालित कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया। गोवंशों को भोजन, पानी के समुचित इंतजाम करने के लिए कहा। इस मौके पर ईओ श्वेता सिंह, डॉ. आशीष कुमार सिंह, निखलेश मिश्रा, बीपी सिंह, आरती श्रीवास्तव मौजूद रही।