लखनऊ। लविवि की ओर से जारी बीकॉम छठे सेमेस्टर के परिणाम को लेकर गतिरोध समाप्त नहीं हो रहा है। बृहस्पतिवार को भी इसमें सुधार व स्पेशल बैक पेपर आयोजित करने के लिए छात्र संगठनों के नेतृत्व में छात्रों ने विवि परिसर में प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया। विवि प्रशासन ने इस पर कुलपति से वार्ता के बाद निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विवि इकाई ने परीक्षा परिणाम में अनियमितता का आरोप लगा छात्रों के साथ प्रशासनिक भवन पर प्रदर्शन किया। असिस्टेंट प्रॉक्टर डॉ. ओपी शुक्ला प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों के साथ पहुंचे और छात्रों की परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी से वार्ता कराई। एबीवीपी विवि इकाई के अध्यक्ष प्रदीप कुमार मौर्य ने कहा कि छात्र-छात्राओं को स्पेशल बैक परीक्षा की सुविधा दी जानी चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों को परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी देने पर भी विवि प्रशासन को विचार करना चाहिए। परीक्षा नियंत्रक ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। छात्रों ने कहा कि यदि 24 घंटे में इस पर निर्णय नहीं होता है तो वे फिर विवि का घेराव करेंगे। प्रदर्शन में मुस्कान उपाध्याय, सूर्यांश सिंह, प्रणव कांत सिंह, अमन दुबे, प्रियेश शंकर मिश्र, जतिन शुक्ला, विराट पांडेय, नैमिष राठौड़, यश शुक्ला, सर्वजीत सिंह, ओम गुप्ता, अभिषेक मौर्य, अदिति सिंह आदि उपस्थित थे। दूसरी तरफ एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव आर्यन मिश्रा के नेतृत्व में भी छात्रों ने प्रदर्शन कर परिणाम में गड़बड़ी को दूर करने की मांग रखी।
छात्र बोले, नहीं दे रहे प्रश्नपत्र
परीक्षा परिणाम को लेकर उठे विवाद के बीच विवि प्रशासन की ओर से आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को ओएमआर सीट दिखाई जा रही है। बृहस्पतिवार को भी काफी छात्रों ने अपनी ओएमआर शीट देखी। हालांकि उनका कहना था कि उन्हें सिर्फ ओएमआर की फोटो कॉपी दिखाई जा रही है। प्रश्नपत्र नहीं दिया जा रहा है, जिससे वे मिलान नहीं कर सकते। वहीं उनसे जबरदस्ती यह लिखवाया जा रहा है कि वे परिणाम से संतुष्ट हैं।
एनएसयूआई ने ट्वीट की गलत ओएमआर शीट
एनएसयूआई लखनऊ के ट्विटर हैंडल से बृहस्पतिवार को दो ओएमआर शीट को ट्वीट कर कहा गया कि बिना नाम, रोल नंबर की ओएमआर विद्यार्थियों को दिखाई जा रही है। 900 से ज्यादा विद्यार्थी फेल हुए हैं और सिर्फ 77 विद्यार्थियों को ही ओएमआर दिखाई गई है। इस पर परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि यह ओएमआर शीट बीकॉम प्रवेश परीक्षा से जुड़ी है जिसे बीकॉम छठे सेमेस्टर से जुड़ा बताकर संबंधित द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ विवि प्रशासन विधिक कार्रवाई करेगा। वहीं एनएसयूआई के लखनऊ उपाध्यक्ष निखिल ने कहा कि हमने छात्रों की ओर से भेजी गई ओएमआर शीट ट्वीट की थी। इसमें हमने कुछ भी गलत नहीं किया गया है।