लखनऊ। बीबीएयू में नए सत्र से अब पार्टटाइम पीएचडी शुरू होगी। बीते दिनों हुई एकेडमिक काउंसिल की बैठक में नए प्रस्ताव पर मुहर लगी। नए सत्र से अब सरकारी नौकरी करने वाले भी पीएचडी में दाखिला ले सकेंगे।
विश्वविद्यालय में करीब 26 विभाग संचालित है, यहां नियमित पीएचडी करने की व्यवस्था है। नए सत्र से पार्ट टाइम पीएचडी कराने की योजना बनाई गई है। इसके लिए हर विभाग में 20 फीसदी सीटें बढ़ाई जाएंगी, इन्हीं सीटों पर पार्टटाइम पीएचडी में प्रवेश दिया जाएगा। विवि के कुलसचिव डाॅ. अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि नियमित पीएचडी में कम से कम तीन साल में थीसिस जमा करने का प्रावधान है लेकिन पार्टटाइम में चार साल में थीसिस जमा कर सकेंगे।
नए सत्र से शुरू होगा अंग्रेजी में स्नातक कोर्स
बीबीएयू के अमेठी कैंपस में संचालित अंग्रेजी विषय में नए सत्र से स्नातक का कोर्स शुरु होगा। एकेडमिक काउंसिल में इस प्रस्ताव पर भी मुहर लगी है। इससे पहले केवल परास्नातक कोर्स में दाखिले लिए जाते थे, लेकिन नए सत्र से स्नातक में दाखिले होंगे। मुख्य कैंपस में संचालित संस्कृत विभाग में भी स्नातक के कोर्स संचालित करने की योजना है।