लखनऊ। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में शैक्षिक सत्र से दो महीने बाद स्नातक प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी। विवि में स्नातक के 26 से अधिक पाठ्यक्रमों में करीब 1400 सीटों पर बुधवार से ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो रही है। कुलसचिव अश्वनी कुमार ने इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किया है।
विवि की वेबसाइट पर जारी शैक्षिक सत्र की अधिसूचना के अनुसार, जुलाई से नए सत्र में प्रवेश होने थे लेकिन, सीयूईटी प्रवेश परीक्षा में हुई देरी से न केवल प्रवेश पर बल्कि नए सत्र की पढ़ाई व सेमेस्टर परीक्षा पर भी असर पड़ेगा। बुधवार को प्रथम चरण में चयनित अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट जारी होगी। 14 सितंबर तक विवि के समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन होंगे और 17 सितंबर तक फीस जमा करने का समय दिया जाएगा। प्रथम चरण की काउंसिलिंग के बाद खाली सीटों का अपडेट 18 सितंबर को जारी होगी और 19 सितंबर से द्वितीय चरण की काउंसिलिंग शुरू की जाएगी।
प्रवेश काउंसिलिंग के हेड प्रो. सुदर्शन वर्मा ने बताया कि अभी दो चरणों की काउंसिलिंग प्रक्रिया की अधिसूचना जारी की गई है। यदि विभाग में खाली सीटें रहती हैं तो अगले चरण की काउंसिलिंग कर प्रवेश दिया जाएगा। बताया कि सीयूईटी प्रवेश परीक्षा के परिणाम में हुई देरी की वजह से विलंब से प्रवेश कांउसिलिंग शुरू हो रही है। नई काउंसिलिंग के आधार पर शैक्षिक सत्र को अपडेट किया जाएगा।
जून में प्रवेश परीक्षा, दिसंबर से दाखिले
बीबीएयू के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए मई में आवेदन हुए और जून में परीक्षा संपन्न हुई। अब प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जा रही है। शिक्षकों के अनुसार, प्रवेश में हो रही देरी का असर विद्यार्थियों के पठन-पाठन पर पड़ेगा।