लखनऊ। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कौशल आधारित (गैर-सीयूईटी) पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी विवि के पंजीकरण पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अंतिम तिथि 24 जून है। इन कार्यक्रमों में प्रवेश अभ्यर्थियों की योग्यता परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर होगा। यह प्रक्रिया विवि की ओर से निर्धारित पात्रता शर्तों के अधीन रहेगी। यूआर, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये तय किया गया है। एससी-एसटी और दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों को 300 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। इसके अलावा एक हजार रुपये विलंब शुल्क के साथ 30 जून तक पंजीकरण किया जा सकता है। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विवि की आधिकारिक वेबसाइट bbau.ac.in पर जा सकते हैं।