माता-पिता और भाई के साथ दीप्ति पुरोहित
- फोटो : amar ujala
लखनऊ विश्वविद्यालय में एनसीसी के बेस्ट कैडेट के लिए दिए जाने वाले वीसी मेडल इस साल दीप्ति पुरोहित के नाम रहा। कॅरियर कॉवेंट गर्ल्स कॉलेज की छात्रा दीप्ति पुरोहित ने 11 आवेदकों के बीच अपनी श्रेष्ठता साबित की।
मेडल के लिए लिए विवि में कुल 11 आवेदन आए थे। कुलपति प्रो. एसपी सिंह की अध्यक्षता वाली समिति ने साक्षात्कार के आधार पर बेस्ट कैडेट का चयन किया। विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 12 जनवरी को यह मेडल उन्हें दिया गया।
पदकों के लिए 11 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार किया था। एनसीसी का प्रमाणपत्र सभी के पास था, लेकिन नेशनल लेवल पर खेल में गोल्ड मेडल, क्लास में शत-प्रतिशत उपस्थिति और 70 फीसदी से ज्यादा नंबर किसी प्रतिभागी के नहीं थे।
इसी वजह से उसे इसका फायदा मिला। दीप्ति नई दिल्ली में एनसीसी के राष्ट्रीय शिविर में भी शामिल हो चुकी हैं। चांसलर्स गोल्ड मेडल जीतने वाली दीप्ति पुरोहित अपने पापा की तरह डिफेंस में जाना चाहती हैं। दीप्ति के एकेडमिक रिकॉर्ड, एनसीसी सर्टिफिकेट और किक बॉक्सिंग में नेशनल लेवल पर गोल्ड मेडल देखकर एयरफोर्स जॉइन करने का उनका सपना सच होना कहीं से मुश्किल नहीं लगता है।
बीएससी पीसीएम की छात्रा दीप्ति कहती हैं कि एलयू में बेस्ट कैडेट चुने जाने के बाद उसका यह सपना और दृढ़ हो गया है। दीप्ति के पिता एलडी पुरोहित सेना में इंजीनियर, मां जानकी देवी गृहिणी है।