बहराइच जिले में नानपारा कोतवाली क्षेत्र में एक 50 साल के अधेड़ ने गांव निवासी एक नौ साल की बच्ची को अपनी हवस का शिकार बना उसके साथ हैवानियत की। दुष्कर्म के बाद आरोपी बुर्जुग को बेहोशी की हालत में छोड़ कर मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंचने परिजन घटना की जानकारी पुलिस को देने के साथ ही बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस ने केस दर्ज कर दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया।
पूरा मामला दो समुदायों के बीच का होने के कारण गांव में व्याप्त तनाव के दृष्टिगत अतिरिक्त सतर्कता बरतने को पुलिस फोर्स भी तैनात कर दी गई है। नानपारा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी नौ वर्षीय बच्ची बीते रविवार की शाम मवेशियों के लिए घास काटने गई थी। उसके पीछे पहुंचा गांव निवासी नान्हू (50) पहले बच्ची को फुसला कर गन्ने के खेत में ले गया और बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी बालिका को बेहोशी की हालत में ही छोड़ कर मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की मां ने बताया कि घटना के समय घर पर कोई नहीं था। उन्हें शाम को गांव वालों से घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर दुष्कर्म के आरोपी अधेड़ को गिरफ्तार भी कर लिया है। कोतवाल हेमंत कुमार गौड़ ने बताया कि पीड़ित बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा है। आरोपी पर एनएसए की कार्रवाई भी तय की जाएगी।