बाराबंकी जिले मेंं अलग-अलग जगहों पर हुई सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक पुलिस इंस्पेक्टर समेत तीन लोग घायल हो गए। कोठी थाना क्षेत्र में हैदरगढ़ मार्ग पर पराग डेरी के पास कोठी कस्बे में पुलिस लाइन की गाड़ी में सवार इंस्पेक्टर राम आसरे और उनकी टीम बाराबंकी की तरफ जा रही थी। शनिवार देर रात बोलेरो और पुलिस जीप में भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे में इंस्पेक्टर रामआसरे समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। उधर, लोनीकटरा क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड पर सफारी कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई।
लोनीकटरा के मनोधरपुर गावं निवासी संतोष सैनी (40) अपने घर से बाइक से लोनीकटरा चौराहे की ओर जा रहा था। दयाराम पुरवा के समीप सफारी गाड़ी ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। युवक की मौत हो गई। वहीं, रामनगर थाना क्षेत्र में अगानपुर मोड़ के पास जेसीबी पलटने से उसके चपेट में आकर अगानपुर गांव निवासी उदय भान सिंह (70) की मौत हो गई।