गुजरात के एक बड़े व्यापारी की हत्या की सुपारी लेने वाले चार शातिर बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस टीम ने इनके पास से दो पिस्टल व तीन तमंचे बरामद किए हैं। इन बदमाशों ने मुंबई में भी ठिकाना बना रखा है। पहले भी हत्या लूट आदि जैसी संगीन घटनाओं में जेल जा चुके हैं।
एएसपी उत्तरी अरविंद मिश्र ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में बताया कि पुलिस टीम ने मौथरी गांव के पास मुठभेड़ में प्रतापगढ़ जिले के मांधाता थाना क्षेत्र के चंघईपुर निवासी मुक्तादिर, याहीपुर थाना रानीगंज निवासी असकार, रामदेव पट्टी थाना रानीगंज निवासी जुनैद, शिवगढ़ थाना निवासी परवेज को गिरफ्तार किया गया। चारों बदमाशों के पास से नाइन एमएम की दो पिस्टल, तीन तमंचे और एक कार बरामद की है।
बदमाशों से पूछताछ में पता चला है कि इस गिरोह में मुक्तादिर का एक भाई भी शामिल है। उसी ने 10 लाख रुपये में गुजरात के एक बड़े व्यापारी की हत्या की सुपारी ली थी। यह बदमाश गुजरात की ओर रवाना होने वाले थे। इस समय बाराबंकी में ठिकाना बना रखा था, लेकिन पुलिस को इसकी भनक लग गई। बृहस्पतिवार को मौथरी गांव के पास पुलिस ने इन बदमाशों को रोका तो इन लोगों ने फायर कर दिया। लेकिन वे भागकर नहीं जा सके और गिरफ्तार हो गए।
इन चारों बदमाशों पर प्रयागराज व प्रतापगढ़ जिले में 28 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। गुजरात के व्यापारी की सुपारी दिलाने वाले बदमाश के भाई की भी तलाश की जा रही है। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि सुपारी किसने और किसकी दी थी, इसका भी जल्द ही खुलासा किया जाएगा। इसके लिए गुजरात पुलिस के उच्चाधिकारियों से बात की जा रही है।
इन बदमाशों द्वारा बाराबंकी में भी चोरी लूट की घटनाओं को अंजाम दिए जाने की योजना बनाई जा रही थी। गिरफ्तारी से प्रतापगढ़ व प्रयागराज में हुई कई घटनाओं का खुलासा भी होगा। इन बदमाशों ने इन दिनों मुंबई में अपना ठिकाना बना रखा है। गिरफ्तार करने वाली टीम में स्वाट प्रभारी अजय सिंह, सर्विलांस सेल के प्रभारी अंकित त्रिपाठी और शहर कोतवाल संजय मौर्य शामिल रहे।