तमकुहीराज (कुशीनगर)। थाना क्षेत्र के लतवा बाजार में पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार शाम सामने चल रहे ट्रक के ब्रेक लगाने पर कार टकराकर दूसरी लेन में चली गई। इससे कार सवार लखनऊ के कुर्सी रोड निवासी अनिल शर्मा (38) बीओबी के शाखा प्रबंधक की मौत हो गई। हादसे में बेटा रीठुल शर्मा (12), पत्नी रितु शर्मा (34) व छोटा बेटा दीप शर्मा (6) बुरी तरह घायल हो गए। इन्हें मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां बड़े बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि वह दीपावली पर परिवार के साथ लखनऊ से बिहार के पूर्णिया ससुराल आए थे। लौटते समय हादसा हो गया।