लखनऊ। बंगलूरू से इंडिगो की फ्लाइट अपरिहार्य कारणों से बृहस्पतिवार को कानपुर में नहीं उतर सकी। इसे आनन-फानन लखनऊ डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यहां से कानपुर तक ले जाने के लिए एयरलाइन के पर्याप्त इंतजाम नहीं कराने पर नाराज यात्रियों ने हंगामा किया। इस दौरान देरी से डायलिसिस के लिए कानपुर जा रहे बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने लगी। इस पर उन्हें प्राइवेट टैक्सी करनी पड़ी।
इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6815 बंगलुरु से सुबह साढ़े दस बजे उड़ान भरकर दोपहर एक बजे कानपुर पहुंचती है। बृहस्पतिवार को कानपुर में लैंडिंग न हो पाने से विमान को चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट डायवर्ट कर दिया गया। पैसेंजर तेजस्व तिवारी ने एयरलाइन से दर्ज शिकायत में बताया कि फ्लाइट में उनके बुजुर्ग पिता (पीएनआर जेजेड9सी3आर) यात्रा कर रहे थे। वे किडनी की बीमारी से ग्रस्त हैं और उनकी डायलिसिस होनी थी। हालांकि, फ्लाइट लखनऊ में लैंड होने से इसमें अनावश्यक देरी हुई, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। एयरलाइन की ओर से यात्रियों को कानपुर भेजने के लिए जिस बस की व्यवस्था की गई, उसकी भी डिटेल नहीं साझा की गई। बस समय पर न आने से सभी यात्रियों को दिक्कतें हुईं। इसके बाद मजबूरन उनके पिता को प्राइवेट टैक्सी कर कानपुर जाना पड़ा। तेजस्व की शिकायत पर इंडिगो प्रशासन ने खेद जताया है।