जम्मू में रविवार की रात तीर्थयात्रियों से भरी बस पर आतंकियों ने हमला कर दिया। हमला उस समय हुआ जब मां वैष्णो देवी के दर्शन के बाद शिवखोड़ी में भगवान शिव का दर्शन कराकर यात्रियों को लेकर बस लौट रही थी। हमले में जिले के दो तीर्थयात्रियों की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं 12 यात्री घायल हो गए हैं। जिन्हें जम्मू के रियासी जिले के अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटना की सूचना पर सोमवार को परिजन जम्मू के लिए रवाना हो गए, वहीं गांवों में कोहराम मचा है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि रात में जम्मू प्रशासन से संपर्क किया गया और वहां दो अधिकारियों की टीम भेजी गई है। गृह विभाग ने आतंकी घटना में प्रभावितों की सूची जारी की है। जिसमें सदर तहसील के कांदभारी गांव की रूबी (15) पुत्री स्व. अछैबर वर्मा व उतरौला तहसील के नयानगर विशुनपुर बनकटवा निवासी अनुराग वर्मा (10) पुत्र राजित राम की मौत हो गई है।
ये भी पढ़ें - हार पर रार: 'पीठ में अपनों ने खंजर घोंपा'; भाजपा के 12 से अधिक उम्मीदवारों ने रिपोर्ट में बताई हारने की ये वजह
ये भी पढ़ें - लोकसभा में ब्राह्मण-कुर्मी बराबर, पासी-ठाकुर दूसरे स्थान पर; इस वजह से भाजपा को मिली मात
इसके अलावा 12 लोग घायल हैं। जिसमें तहसील सदर के मधवाजोत गांव के संतोष कुमार वर्मा (34) पुत्र अयोध्या प्रसाद, गीता वर्मा (28) पत्नी संतोष वर्मा, दिनेश कुमार वर्मा (35) पुत्र अयोध्या प्रसाद, शिवा वर्मा (6) पुत्र संतोष वर्मा घायल हैं। यह चारों एक ही परिवार के हैं। इनके साथ ही गईं भगवतपुर निवासी ऊषा पांडेय (42) पत्नी राम गोपाल भी घायल हैं। वहीं कांदभारी निवासी विमला देवी (50) पत्नी स्व. राम अछैवर वर्मा, मैना (20) पुत्री स्व. राम अछैवर, नरायनपुर गांव के विकास वर्मा (32), इसके अलावा उतरौला तहसील के शाहपुर इटई पूरे लालाडीह निवासी ऊषा देवी (45) पत्नी रामाकांत, काजल उर्फ अंशिका वर्मा (16) पुत्री रमाकांत, पकड़ी बनकटवा के राजित राम (40) पुत्र रामकुमार तथा शारदा देवी (38) पत्नी राजित राम घायल हो गई हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि घायलों का इलाज राजकीय मेडिकल कालेज जम्मू, नारायणी हास्पिटल जम्मू एवं जिला हास्पिटल जनपद रियासी में चल रहा है। सभी घायल सुरक्षित हैं। बताया कि पीड़ितों की तत्काल मदद के लिए गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) के जिलाधिकारी से सम्पर्क कर रात में ही एडीएम गौतमबुद्ध नगर एवं एसीपी रैंक के पुलिस अधिकारी को जम्मू रवाना करा दिया है।
इसके साथ ही जनपद बलरामपुर से भी दो अधिकारियों तहसीलदार न्यायिक तुलसीपुर ज्ञानेंद्र सिंह तथा ओम प्रकाश चौहान निरीक्षक को जम्मू के लिए रवाना कर दिया है। यह अधिकारी अस्पतालों में पीड़ितों के इलाज की व्यवस्था देखेंगे और हर पल की जानकारी जिलाधिकारी को देते रहेंगे। इसके साथ ही मुख्यालय पर आपदा प्रबंधन कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। नोडल अधिकारी नायब तहसीलदार अनुपम शुक्ल व जिला आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह को नामित किया गया है।