लखनऊ। बैकुंठधाम के पास रविवार सुबह शव वाहन ने स्कूटी सवार बलिया के सपा जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव को रौंद दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में राजमंगल के दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें ट्रॉमा में भर्ती कराया गया है। उनके सिर व पैर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने शव वाहन को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे की जानकारी पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मॉर्च्युरी पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
मूल रूप से बलिया निवासी राजमंगल यादव (45) चांदगंज में परिवार के साथ रहते हैं। वह अपने दोस्त राजेंद्र पांडेय के साथ रोज सुबह टहलने जाते थे। रविवार सुबह करीब सात बजे वह टहलने के लिए निकले। राजमंगल स्कूटी चला रहे थे, जबकि राजेंद्र पीछे बैठे थे। गोमती पुल पार करने के बाद वह बैकुंठधाम वाले मार्ग पर मुड़कर कुछ दूर ही चले थे कि शव वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। राजमंगल व राजेंद्र सड़क पर जा गिरे। फिर शव वाहन का पिछला पहिया राजमंगल के ऊपर से और राजेंद्र के पैरों के ऊपर से गुजर गया। राजमंगल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राजेंद्र को ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया।
पुलिस के मुताबिक जब शव वाहन से स्कूटी में टक्कर लगी तो दोनों लोग सिर्फ घायल हुए थे। अगर चालक तभी वाहन रोक लेता तो राजमंगल की जान बच जाती और राजेंद्र भी इतने घायल नहीं होते। मगर टक्कर लगने के बाद चालक ने भागने के चक्कर में वाहन दौड़ा दिया। इससे एक की जान गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह डर गया था, इसलिए भागने की कोशिश की थी।
हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि चालक शव वाहन को मोड़ रहा था। जैसे ही वह वाहन पीछे ले गया वैसे ही राजमंगल स्कूटी से उसे पार कर आगे निकले। इसी दौरान चालक ने बिना देखे तेजी से वाहन आगे बढ़ा दिया। इसी के चलते राजमंगल की स्कूटी में टक्कर लग गई।
पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी के साथ सैकड़ों सपाई भी मॉर्च्युरी पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर बलिया रवाना हो गए। हादसे में राजमंगल की मौत से पत्नी रंजो यादव, बेटा रजनीश, बेटियां ऋतु व रूबी बदहवास हैं। रंजो यादव बलिया में जिला पंचायत सदस्य हैं।