मौके पर मौजूद ग्रामीण और बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
खेत में रखवाली करने के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना परिजनों व पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बहराइच जिले में कोतवाली देहात अंतर्गत खोरिया शफीक गांव निवासी लौकी प्रसाद (35) पुत्र धर्म राज का खेत गांव से बाहर है। खेत में इस समय गेहूं और सरसो की फसल लगी हुई है। प्रतिदिन की तरह गुरुवार रात को लौकी प्रसाद खेत की रखवाली के लिए गया था। खेत में बने फूस के मडहे में सो गया। शुक्रवार सुबह गांव के लोग नित्य क्रिया के लिए पहुंचे तो देखा कि युवक का शव जला हुआ खेत में पड़ा हुआ है। साथ ही फूस का मकान भी जला हुआ था। इस पर हड़कंप मच गया।
परिवार के लोगों को सूचना दी गई। परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। देहात कोतवाल सतेंद्र बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौक पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही हैं। प्रथम दृष्टया सोते समय जल रहे अलाव की चपेट में आने से युवक की मौत प्रतीत हो रहा है।