मोहनलालगंज। ब्लाॅक कार्यालय के पास शुक्रवार को पिकप डाला वाहन ने एक-एक कर तीन बाइकों को टक्कर मारी। हादसे में चार साल की मासूम रिया समेत पांच लोग घायल हो गए। खून से लथपथ रिया को देख मां चांदनी अपना जख्म भूल गई।
उसने दौड़कर बेटी को सीने से चिपकाया और मदद की गुहार लगाने लगी। इस दौरान कोई वीडियो बनाने में मशगूल था तो कुछ तमाशा देख रहे थे। आननफानन पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां रिया (4) को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि चार का इलाज चल रहा है। पुलिस चालक को तलाश रही है।
पुलिस के मुताबिक, निगोहां की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार पिकप डाला ने ब्लाॅक कार्यालय के पास सबसे पहले बाइक सवार राजाराम, चांदनी व रिया को टक्कर मारी। इसके बाद दौलतखेड़ा निवासी राजेश और फिर उतरावां के विकास की बाइक को रौंद दिया।
हादसे में पांचों लोग घायल हो गए। राहगीर घायलों को देखकर वीडियो बना रहे थे। इस बीच वहां से गुजरे अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम प्रशांत तिवारी की नजर भीड़ पर पड़ी। वह गाड़ी से उतरे और घायलों को देखा।
आननफानन अपने चालक व सहयोगियों की मदद से घायलों को सरकारी गाड़ी से सीएचसी भेजा, जहां मासूम रिया की मौत हो गई, जबकि राजाराम, चांदनी और राजेश का सीएचसी और विकास का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इंस्पेक्टर कुलदीप दूबे ने बताया कि मासूम के पिता की तहरीर पर अज्ञात पिकप चालक पर केस दर्ज किया गया है। हादसे के दौरान किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
चांदनी बोली, काश बाइक पर न बैठती
बेटी रिया की मौत से बदहवास चांदनी यही रटे जा रही थी कि काश बाइक पर न बैठती तो बेटी जिंदा होती। चांदनी की ससुराल सेवाखेड़ा में है। वह अपने मायके गौरा आई थी। चांदनी ने बताया कि शुक्रवार को बेटी को चप्पल दिलाने मोहनलालगंज कस्बा जाने के लिए टैक्सी का इंतजार कर रही थी। इस बीच गांव के राजाराम पहुंचे और छोड़ने की बात कही। चांदनी ने मना किया, लेकिन दबाव बनाने पर बेटी के साथ बाइक पर बैठ गई।