लखनऊ। हरिद्वार अखाड़े के बाबा धर्मेंद्र की कार शुक्रवार को मलिहाबाद इलाके में अनियंत्रित होकर दो लोगों को टक्कर मारते हुए पेड़ से टकरा गई। घायल युवकों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार कब्जे में ले ली।
इससे नाराज बाबा ने शिष्य के साथ मिलकर थाने के बाहर कार में आग लगा दी। हरिद्वार अखाड़े के बाबा धर्मेंद्र अपने शिष्य दीपेश पुरी के साथ शुक्रवार को लखनऊ से हरिद्वार लौट रहे थे।
शाम करीब पांच बजे उनकी कार मलिहाबाद थानाक्षेत्र में महमूदनगर के पाठकगंज के पास अनियंत्रित होकर मोबाइल शॉप के बाहर खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारते हुए पेड़ से टकरा गई।
हादसे में गिरी बाइकों की चपेट में आकर वहीं पर खड़े गुखौरा गांव निवासी रंजीत तिवारी व उनका भाई चोटिल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया और शनिवार को रंजीत की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया।
इससे नाराज बाबा ने दीपेश के साथ मिलकर थाने के बाहर खड़ी अपनी कार में आग लगा दी। सिपाहियों ने बालू व पानी से लपटों पर काबू पाया। इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आग से कार के सीट कवर जल गए, बाकी समय पर ही लपटों पर काबू पा लिया गया। गाड़ी में आग कैसे लगी, इसकी जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।