आयकर विभाग ने पूर्व मंत्री आजम खान, उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम के आयकर हलफनामे की फिर से जांच शुरू कर दी है। दरअसल, आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम द्वारा विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल किए गए आयकर हलफनामे में कई गड़बड़ियां मिली हैं। वहीं तंजीन फातिमा के बैंक खातों में भी तमाम गड़बड़ियां जांच में सामने आई हैं। इन खातों में तमाम संदिग्ध लेन-देन का पता चला है।
आयकर विभाग ने इस संबंध में तीनों को नोटिस भेजा है जिसमें फिर से समस्त चल-अचल संपत्तियों और बैंक खातों का ब्योरा मांगा गया है। आयकर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जांच में आजम और उनके परिवार की तमाम संपत्तियों का पता चला है जिसका उल्लेख उनके आयकर हलफनामे में नहीं है।
इस संबंध में विभाग ने जांच में मिली गड़बड़ियों की जानकारी चुनाव आयोग को भी भेज दिया है। बताते चलें कि आयकर विभाग और ईडी करीब तीन साल से आजम खान, उनके परिजनों और जौहर ट्रस्ट की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं।