अयोध्या में हादसे के बाद पड़ा मलबा
- फोटो : अमर उजाला
अयोध्या में थाना कैंट अंतर्गत मुमताज नगर इलाके में मंगलवार की अपराहन एक निर्माणाधीन मकान पर लिंटर डालने के लिए लगाई गई शटरिंग ढह गई। हादसे के समय मौके पर 50 से ज्यादा मजदूर काम कर रहे थे। वहीं शटरिंग गिरने का अंदेशा होते ही ज्यादातर मजदूर वहां से भाग खड़े हुए। जबकि तीन मजदूर उसमें फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व अग्निशमन ने राहत कार्य प्रारंभ किया। बाद में जेसीबी की सहायता से मलबे को हटाकर उसमें फंसे तीनों मजदूरों को निकाला गया, तब तक इनमें से एक मजदूर की मौत हो चुकी थी जबकि दो घायल हो गए। उक्त निर्माणाधीन मकान पूर्व आरटीओ चुन्नीलाल प्रजापति का बताया जा रहा है। मामले में प्रथम दृष्टया निर्माण करा रहे ठेकेदार की लापरवाही सामने आ रही है।
कैंट थाना क्षेत्र के मुमताजनगर क्षेत्र में हाईवे के किनारे पूर्व आरटीओ चुन्नीलाल प्रजापति अपने मकान का निर्माण करवा रहे हैं। मंगलवार को एक ओर की शटरिंग कर लिंटर डाल दूसरी ओर काम चल रहा था। बताया जाता है कि दोपहर बाद करीब तीन बजे अचानक भरभरा कर लिंटर शटरिंग समेत नीचे गिर पड़ा। लिंटर ढहने से वहां हडकंप मच गया। आनन फानन में मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पाकर कोतवाली नगर और कैंट थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। मलबे के नीचे दबे एक मजदूर को गंभीर रूप से घायल जिला अस्पताल भेजा गया जहां उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी रतन कुमार शर्मा के अनुसार मौके पर 50 से ज्यादा मजदूर काम कर रहे थे, हालांकि लिंटर के नीचे करीब 11-12 मजदूर ही थे। शटरिंग हिलते देख वह वहां से भाग खड़े हुुए, बिल्डिंग मैटेरियल सामान की चपेट में आने से वह मामली रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वहीं लिंटर के नीचे और मजदूर दबे होने की आशंका के कारण मौके पर पहुंची पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा राहत कार्य शुरू किया गया। जेसीबी के मदद से मलबा हटाने के बाद वहां तीन मजदूर दबे मिले। इनको बाहर निकाल कर इलाज के लिए भेजवाया गया। यहां एक मजदूर मोहित सिंह निवासी सरियावां रानी बाजार को मृत घोषित कर दिया गया जबकि दो अन्य मजदूर रंजीत व अंकुर को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। मौके पर एसपी सिटी विजयपाल सिंह, सीओ सदर शैलेंद्र गौतम, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजकिशोर राय, थाना कैंट प्रभारी रतन कुमार शर्मा समेत प्रशासन के अधिकारियों ने राहत कार्य का निरीक्षण किया। एसएसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि हादसे में एक मजदूर की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नीचे से मजबूत सपोर्ट न होने वजन नहीं सह सकी शटरिंग
पूर्व आरटीओ का यह मकान करीब 50 फुट ऊंचा बन रहा है। इसके सबासे ऊपर के तल पर लिंटर डालने के लिए शटरिंग लगाई जा रही थी। मौके पर कार्य कराने वालों की लापरवाही भी सामने आई। बताया जा रहा है कि इतनी ऊंचे पर लिंटर डालने के लिए बिछाई गई शटरिंग में नीचे से मजबूत सपोर्ट नहीं दिया गया था। कुछ मजदूरों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि कुछ मिस्त्री ने इसका विरोध भी किया था और हादसे की संभावना जताकर काम छोड़कर चले गए थे। स्थानीय लोग बताते हैं कि वजन न सह पाने के कारण शटरिंग भरभरा कर ढह गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस तरह से लिंटर शटरिंग समेत गिरा है उसे देख आसपास भगदड़ मच गई। पहले तो कई मजदूरों के नीचे दबे होने की बात सामने आई लेकिन जेसीबी से मलबा हटाया गया तो गंभीर रूप से घायल मजदूर मोहित मिला, जिसकी जिला अस्पताल में मौत हो गई।