अयोध्या में एक गांव में दुकान पर टॉफी और बिस्कुट लेने गई पांच वर्षीय मासूम बालिका के साथ दुकान संचालक ने दुष्कर्म किया। बालिका के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बालिका के पिता द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप है कि 24 अगस्त की देर शाम उनकी पांच वर्षीय पुत्री बिस्किट और टॉफी लेने गांव में आरोपी विनीत की दुकान पर गई थी। वहां पर आरोपी ने उनकी पुत्री को अकेला देखकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुत्री के चीखने-चिल्लाने पर जब वह लोग पहुंचे तो आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजनों द्वारा घटना की सूचना पीआरवी पुलिस और कोतवाली पुलिस को दी गई। घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। रात में कोतवाली पुलिस पुलिस के अलावा पीआरवी पुलिस ने पहुंचकर घटना की जानकारी किया। पीड़ित बालिका को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगा दी गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक सुमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी का चालान करके जेल भेज दिया गया है। जबकि, पीड़ित बालिका का मेडिकल और अन्य कानूनी कार्रवाई कराई जा रही है।