राही (रायबरेली)। भदोखर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर कार की टक्कर से सवारियों से भरा ऑटो खड्ड में जा गिरा। इससे ऑटो सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बालक समेत आठ लोग जख्मी हो गए। हादसे से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। चीख पुकार पर आसपास के लोगों ने पहुंचकर उन्हें बाहर निकाला। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
दोपहर करीब दो बजे एक कार जिला मुख्यालय से डलमऊ की तरफ जा रही थी, जबकि सवारियों से भरा ऑटो डलमऊ से मुंशीगंज की तरफ आ रहा था। मुंशीगंज-डलमऊ मार्ग पर मनेहरू गांव के पास बेकाबू कार और ऑटो में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सवारियों से भरा ऑटो सड़क किनारे खड्ड में चला गया।
हादसे के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ मौके पर पहुंचकर यात्रियों को एक-एक कर ऑटो से बाहर निकाला। कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हादसे में डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के भगवान छतम्मा मजरे नरेंद्रपुर गांव की रहने वाली हेमा दीक्षित (42) पत्नी सुनील कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
डीह थाना क्षेत्र के अयासपुर डीही निवासी आकाश (8), शहर क्षेत्र के बीबीपुर मटिहा निवासी जागेश्वर (31), सरला (29), अहियारायपुर निवासी संजय (33), सैदनपुर गांव निवासी रानी (55) के गंभीर रूप से घायल होने पर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद चालक कार छोड़कर मौके से भाग गया।
थाना प्रभारी शिवाकांत पांडेय ने बताया कि हादसे में एक महिला की जान गई है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कराया जाएगा। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।