लखनऊ। एलडीए में संपत्ति आवंटन, रजिस्ट्री, फ्री-होल्ड व नामांतरण आदि कामों के लिए अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। एक ही जगह पर इनकी जानकारी मिल जाएगी। इसके लिए प्राधिकरण मित्र तैनात किए जाएंगे, जो लोगों की मदद करेंगे।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि विभिन्न कामों के लिए आने वाले लोगों को सही जानकारी न होने से पटलों पर भटकना होता है। ऐसे में प्राधिकरण भवन के गेट नंबर-2 के पास बने काउंटरों को जनसंपर्क के लिए उपयोगी बनाया जाएगा। यहां ई-स्टांप, ई-चालान, नामांतरण, फ्री-होल्ड, सामान्य पूछताछ, व्यावसायिक संपत्ति, मानचित्र, आईजीपी पार्कों की बुकिंग, हाईटेक इंटीग्रेटेड टाउनशिप, लोन डेस्क के कामों के आवेदन मिल जाएंगे। काउंटरों पर दो कर्मचारी तैनात होंगे, जिन्हें प्राधिकरण मित्र कहा जाएगा।
बताया कि प्राधिकरण ‘पहले आओ-पहले पाओ’ योजना में फ्लैट बेच रहा है। इच्छुक खरीदरों के लिए विशेष काउंटर बनाया जाएगा। अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि पहली नवंबर से सभी काउंटर शुरू कर दिए जाएंगे।