नसीराबाद (रायबरेली)। घने कोहरे में बुधवार को बेकाबू टैंकर ने परीक्षा देने जा रही युवती और उसके भतीजे को टक्कर मार दिया। इससे दोनों की मौत हो गई। चालक टैंकर छोड़कर फरार हो गया। बुआ-भतीजे की मौत की खबर घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। युवती ने 20 दिन पहले ही सात फेरे लिए थे। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है।
नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे अयोध्या पांडेय मजरे मेदापुर निवासी हरिश्चंद्र पांडेय की 20 वर्षीय बेटी प्रिया पांडेय को उसका भतीजा राज पांडेय बीए द्वितीय वर्ष की अर्द्ध वार्षिक परीक्षा दिलाने स्कूटी से राजकली देवी महाविद्यालय रमसापुर जा रहा था। सुबह करीब 7.30 बजे छतोह-गांधी नगर मार्ग पर रमसापुर मोड़ गांव के पास गांधी नगर की ओर से आ रहे राख भरे टैंकर ने सामने से टक्कर मार दिया।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी नसीराबाद भेजा। प्रिया को सिर में व राज को पैर आदि जगह गंभीर चोट होने से डॉ. लक्ष्मी नारायण ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां दोनों ने दम तोड़ दिया।
थाना प्रभारी रामलखन पटेल ने बताया कि चालक टैंकर छोड़कर भाग गया। टैंकर को परैया चौकी में खड़ा कराया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।
बीते रविवार को मायके आई थी युवती
प्रिया के हाथों की मेंहदी व पैर का महावर अभी नहीं छूटा था कि उसकी सड़क हादसे में मौत हो गई। प्रिया की शादी क्षेत्र के ही भावापुर मजरे डीघा निवासी आशीष तिवारी की साथ हुई थी। प्रिया बीते रविवार को ससुराल से मायके आई थी। प्रिया, बहन प्रियांशी व हिमांशी तथा भाई प्रिंस से बड़ी थी। घर के सभी लोग उससे बहुत प्यार करते थे। मौत की खबर सुनते ही सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
बिना परमिट के चल रहे टैंकर
ऊंचाहार एनटीपीसी से राख भरकर चलने वाले टैंकर बिना परमिट के चलते हैं। उनका रुट रायबरेली-जायस होते हुए गौरीगंज है, लेकिन यह टैंकर डीजल बचाने के लिए सलोन, परशदेपुर, नसीराबाद होते हुए गौरीगंज जाते हैं। क्षेत्रीय लोगों की माने तो दूरी कम पड़ती है और चालक डीजल की चोरी कर बेच लेते हैं। इन टैंकरों की वजह से आए दिन सलोन, परशदेपुर व नसीराबाद कस्बे में जाम लगता है और हादसे भी होते हैं। स्थानीय पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी इन पर कार्रवाई नहीं करते हैं। यह लापरवाही भी बुआ-भतीजे की मौत की एक वजह है।