लखनऊ। बीबीडी निवासी बीएड छात्रा ने चार लोगों पर जबरन शराब पिलाने और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया। बीबीडी पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। छात्रा के मुताबिक 11 अप्रैल को उन्हें वैभव दुबे ने निर्वान हाउस के पास स्थित अपार्टमेंट में अपने फ्लैट पर मिलने के लिए बुलाया था। वहां वैभव के अलावा प्रियांशु, अंकित और कुंदन पहले से मौजूद थे। आरोप है कि चारों ने उन्हें साजिश के तहत जबरन शराब पिलाने की कोशिश की और दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर चारों ने उन्हें पीटा। चीखने-चिल्लाने पर धमकी भी दी। किसी तरह से वह बचकर वहां से निकल आईं। अगले दिन उन्होंने बीबीडी थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर राम सिंह के मुताबिक पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।