लखनऊ। महानगर में सोमवार सुबह पार्क में स्मैक पीने से रोकने पर चार लोगों ने माली व उसके ताऊ पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। निशातगंज में सातवीं गली स्थित मेवा नर्सरी कॉलोनी निवासी शिवम के मुताबिक वह नगर निगम में अस्थायी माली हैं। सोमवार सुबह 7:30 बजे ट्यूबवेल चलाने पार्क गए थे। यहां ईदू, अनुराग, गोलू और अमन सोनकर स्मैक पी रहे थे। शिवम का आरोप है कि जब उन्होंने चारों को रोका तो वे धारदार हथियार लेकर मारने दौड़े। आरोपियों ने उन्हें लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। बचाव में आए उनके ताऊ राजेश पर चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि सूचना के बावजूद पुलिस ने छह घंटे बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया और कार्रवाई में सुस्ती दिखाई। एसीपी महानगर अंकित कुमार के मुताबिक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।