अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी
लखनऊ। अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी (एबीवीएमयू) ने छात्रों की सुविधा के लिए डिजिटल स्टूडेंट सर्विस पोर्टल शुरू किया है। इसके माध्यम से करीब 1.28 लाख मेडिकल, नर्सिंग और पैरामेडिकल विद्यार्थी ऑनलाइन शैक्षणिक व प्रशासनिक सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। अब उन्हें डिग्री, अंकपत्र और माइग्रेशन जैसे दस्तावेज के लिए विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। कुलपति अमित देवगन ने शुक्रवार को इस पोर्टल का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह सिंगल विंडो और छात्र केंद्रित प्लेटफॉर्म है। विद्यार्थी घर या कॉलेज से ही आवेदन कर सकेंगे। विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्रों को लाभ एबीवीएमयू से संबद्ध मेडिकल, नर्सिंग और पैरामेडिकल संस्थानों के छात्र इससे लाभान्वित होंगे। एमबीबीएस, एमडी, एमएस और डीएम जैसे विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को भी पोर्टल का फायदा मिलेगा।