रायबरेली। खीरों ब्लॉक सभागार में रविवार को उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन की ब्लॉक इकाई की बैठक हुई। इस दौरान आशा बहुओं ने प्रदर्शन करके मांगें पूरी किए जाने की मांग की। बैठक में चरणबद्ध तरीके से होने वाले आंदोलन की तैयारियों पर चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष विजय विद्रोही ने कहा कि हक के लिए हम चुप नहीं रहेंगे। कहा कि नौ अगस्त को जिला मुख्यालय, 22 अगस्त को राजधानी लखनऊ और सितंबर माह में अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। आशा बहुओं ने न्यूनतम वेतनमान, मातृत्व अवकाश, ग्रेज्युटी, पेंशन, भविष्य निधि, राज्य कर्मचारी बीमा निगम (ईएसआई) की सुविधा समेत अन्य मांगों को पूरा किए जाने की मांग की। सरला श्रीवास्तव, गायत्री श्रीवास्तव ने कहा कि कोविड काल में सरकार ने आशा बहुओं को एक हजार प्रतिमाह का भत्ता देने की घोषणा किया था, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ। सभी ने लंबित मांगों को पूरा कि जाने की मांग की। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष सन्नो शुक्ला, संरक्षक चंद्रभाल मिश्रा, सावित्री, भानमती सिंह, उमा, प्रीती, पुष्पा, सरोज, मालती मौजूद रहीं।