यूपी के राजनीतिक गलियारे और प्रशासनिक गलियों में आज तीन किस्से काफी चर्चा में रहे। चाहे-अनचाहे आखिर ये बाहर आ ही जाते हैं। इन्हें रोकने की हर कोशिश नाकाम होती है। आज की कड़ी में 'जब जागो तभी सबेरा' की कहानी। इसके अलावा 'मुखिया ले रहे कड़ी परीक्षा' और 'सचिव महोदय की कुर्सी पर संकट' के किस्से भी चर्चा में रहे। आगे पढ़ें, नई कानाफूसी...
जब जागो तभी सबेरा
सेहत महकमे के मुख्यालय में इन दिनों धमाचौकड़ी मची हुई है। मुखिया कुछ ज्यादा ही दबाव में हैं। अपने उच्चाधिकारियों से मिलने वाले निर्देश का पालन कराने में खुद पसीना फेक रहे हैं। ऐसे में पूरे मुख्यालय का पारा चढ़ा हुआ है। हर अधिकारी एवं कर्मचारियों को कब कौन सा काम निपटाना है, यह बात फाइल पर नोट कर दे रहे हैं। मुखिया की कार्यप्रणाली से काम में डटे रहने वाले कार्मिक खुश हैं। वे यहीं कहते घूम रहे हैं कि जब जागो तभी सबेरा। अब देखना यह है कि मुखिया काम से भागने वालों पर नकेल कस पाते हैं अथवा नहीं।
मुखिया ले रहे कड़ी परीक्षा
प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों में आमतौर पर परीक्षा लेने का काम परीक्षा विभाग के जिम्मे होता है। किंतु एक प्रमुख विश्वविद्यालय में परीक्षा विभाग के ही मुखिया को कड़ी परीक्षा देना पड़ रहा है। हुआ यह कि विश्वविद्यालय के मुखिया ने परीक्षा विभाग के मुखिया को एक बड़ा टास्क दे रखा है। अब इसके लिए उन्हें काफी पढ़ाई व तैयारी करनी पड़ रही है। वो खुद कहते फिर रहे हैं कि एक काम निपटता नहीं है, मुखिया दूसरी परीक्षा की तैयारी में लगा देते हैं। फिलहाल यह परीक्षा कुछ ज्यादा ही कड़ी होती जा रही है।
सचिव महोदय की कुर्सी पर संकट
देश की जोर-आजमाइश वाली एक खेल महासंघ में अध्यक्ष और सचिव की खींचतान अब यूपी तक पहुंच गई है। राष्ट्रीय फेडरेशन से जुड़े प्रदेश के सचिव महोदय के विरोधियों को भी मौका मिल गया है। चर्चा है कि उन्हें पद से हटाने के लिए अंदरखाने पूरी ताकत लगाई जा रही है। पहले से मुश्किलों में घिरे सचिव साहब के सामने अब दोहरी चुनौती है। राष्ट्रीय विवाद का असर प्रदेश की एसोसिएशन पर भी दिखने लगा है। ऐसे में साहब के लिए कुर्सी बचाना आसान नहीं दिख रहा।दांव राष्ट्रीय स्तर पर चला, निशाने पर आ गई प्रदेश की कुर्सी।