लखनऊ। बिजलीकर्मियों की 16 मार्च की रात दस बजे से 72 घंटे की हड़ताल के मद्देनजर राजधानी में बृहस्पतिवार को हड़ताली संगठनों के समर्थक कर्मचारी काम नहीं करेंगे। उधर, विरोधी संगठन हड़ताल को नाकाम करने की कमर कस चुके हैं।विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे, सदस्य छोटे लाल दीक्षित, पीके दीक्षित ने बताया कि हड़ताल के समर्थक अभियंता एवं कर्मचारी काम नहीं करेंगे। इसका व्यापक असर उपकेंद्रों, कार्यालयों में दिखेगा। कार्य बहिष्कार के बाद शाम को फील्ड हास्टल में सभी प्रदर्शन करेंगे।
उधर, पावर ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी अवधेश वर्मा, अनिल कुमार व आरपी केन ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे से वे निर्बाध बिजली आपूर्ति सहित अन्य कामकाज की जिम्मेदारी संभाल लेंगे। कार्य बहिष्कार के दौरान न तो उपभोक्ता सेवाएं और न ही जनता की बिजली प्रभावित होगी। हड़ताल के दौरान भी आम दिनों की तरह जले व खराब ट्रांसफार्मर बदले जाएंगे और फॉल्ट को सही किया जाएगा।
मुस्तैद रहेंगे तकनीकी कर्मचारी
विद्युत तकनीकी कर्मचारी एकता संघ पदाधिकारियों ने घोषणा की है कि सभी तकनीकी कर्मचारी व प्रोन्नत अवर अभियंता निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। कहीं फॉल्ट आया तो उसे तुरंत सही कराया जाएगा। जब तक हड़ताल जारी रहेगी, सभी तकनीकी कर्मचारी मुस्तैद रहेंगे।
बिजली जाए तो कंट्रेाल रूम के नंबर 8004944663 पर बताएं
लखनऊ। बिजलीकर्मियों की हड़ताल के दौरान बिजली गुल होने पर लोगों के शिकायत दर्ज कराने के लिए लेसा के ट्रांस गोमती व सिस गोमती जोनल कार्यालय में बुधवार को ही कंट्रोल रूम खोल दिया गया। मुख्य अभिंयता संजय जैन ने बताया कि सिस गोमती जोन के बंगलाबाजार स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय के कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8004944663 पर मोहनलालगंज से रहीमाबाद और बंथरा से हजरतगंज तक के उपभोक्ता शिकायत कर सकेंगे।
मुख्य अभियंता ट्रांस गोमती अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि उनके कंट्रोल रूम का नंबर बृहस्पतिवार को जारी होगा। दोनों कंट्रोल रूम में अभियंता आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे। वहीं, हड़ताली कर्मियों के प्रदर्शन के दौरान अराजकता से निपटने के लिए उपकेंद्रों एवं कार्यालयों के सामने पुलिसकर्मी रहेंगे। मध्यांचल निगम में बुधवार को खुले कंट्रोल रूम में कर्मचारी मुस्तैद भी हो गए। मुख्य अभियंताओं ने बताया कि राजधानी की बिजली व्यवस्था पर हड़ताल का असर नहीं पड़ेगा। कार्य बहिष्कार के दौरान काम न करने वाले अभियंताओं, कर्मियों पर कार्रवाई होगी। इनकी रिपोर्ट प्रबंध निदेशक को भेजी जाएगी। उपकेंद्र में तोड़फोड़ एवं व्यवधान डालने वालों पर एस्मा के तहत कार्रवाई होगी। हड़ताल के दौरान उपकेंद्र एवं कामकाज की कमान आईटीआई के 500 प्रशिक्षु संभालेंगे। इनकी तैनाती बृहस्पतिवार शाम तक हो जाएगी। संविदा उपकेंद्र ऑपरेटर, लाइनमैन एवं श्रमिक इनकी मदद करेंगे।
कंट्रोल रूम के नबर
दूरभाष नम्बर-0522-2207065
फैक्स नम्बर- 0522-4950397 एवं 2208769
कॉल सेंटर नंबर 1912
फोटो कैप्शनआलमबाग के एक शोरूम के सामने बुधवार शाम अचानक ट्रांसफार्मर में धमाके के बाद आग लग गई। दमकल ने इस पर काबू पाकर सप्लाई ठीक कराई। बृहस्पतिवार को कहीं ऐसी घटना होने पर कंट्रोल रूम को संपर्क किया जा सकता है।