पदाधिकारियों को वितरित किए नियुक्ति पत्र
लखनऊ। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से शनिवार को आशियाना के होटल में बैठक की गई। प्रदेश अध्यक्ष विकास कुमार श्रीवास्तव बाबा की अध्यक्षता में हुई बैठक में नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अरविंद कुमार श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय महामंत्री सुधांशु श्रीवास्तव ने नव नियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। संगठन को प्रदेश के प्रत्येक जनपद व समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया। युवाओं को संगठन से जोड़ने, समाज की समस्याओं को चिह्नित कर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करने की बात कही। प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन विस्तार पर पदाधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष अनीता श्रीवास्तव समेत प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी मौजूद रहे।