लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय ने 31 जुलाई को प्रस्तावित 69वें दीक्षांत समारोह के लिए चांसलर मेडल के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। चांसलर मेडल के लिए नामांकन 10 जुलाई तक परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में भेजना अनिवार्य होगा। इसके बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक ने सभी संकायों के संकायाध्यक्ष, चीफ प्रोवोस्ट, सभी छात्रावासों के प्रोवोस्ट, प्रॉक्टर और कैनिंग कॉलेज एथलेटिक एसोसिएशन के चेयरमैन को पत्र जारी कर पात्र विद्यार्थियों के नामों की संस्तुति मांगी है। परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी ने बताया कि चांसलर मेडल के लिए ऐसे विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्होंने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की हो। किसी भी स्थिति में 50 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी पात्र नहीं होंगे। चयन के लिए विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड, शारीरिक दक्षता, खेलों में भागीदारी, सामान्य सहायता और एनसीसी स्नातक स्तर समेत अन्य कोर गतिविधियों में उपलब्धियों को भी ध्यान में रखा जाएगा। विवि के हित में सामूहिक और रचनात्मक गतिविधियों में योगदान देने वाले विद्यार्थियों को भी चयन प्रक्रिया में महत्व दिया जाएगा। लविवि प्रशासन ने संबंधित विभागों से विद्यार्थियों के पूरे विवरण के साथ संस्तुति भेजने को कहा है।