लखनऊ। लविवि ने 31 जुलाई को प्रस्तावित 69वें दीक्षांत समारोह के तहत डॉ. चक्रवर्ती गोल्ड मेडल प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की है। यह पदक अच्छे आचरण और विवि के सामाजिक जीवन में योगदान देने वाले विद्यार्थी को मिलेगा। परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी ने इसकी जानकारी दी। डॉ. चक्रवर्ती गोल्ड मेडल के लिए नामांकन 10 जुलाई तक भेजने होंगे। संबद्ध छात्रावासों के वार्डन योग्य छात्रों का नामांकन कर सकते हैं। विवि के शिक्षक, अधिष्ठाता, प्रॉक्टर और चीफ प्रोवोस्ट भी नाम सुझाएंगे। संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्य भी योग्य विद्यार्थियों की संस्तुति कर सकते हैं। चयन के लिए विद्यार्थियों को शैक्षणिक अभिलेखों के साथ आवेदन करना होगा। उन्हें विवि के सामाजिक जीवन में योगदान से संबंधित प्रमाण-पत्र भी देने होंगे। रेजिडेंस, हेल्थ एंड डिसिप्लिन बोर्ड की अनुशंसा के बाद अकादमिक परिषद का निर्णय अंतिम होगा।