लखनऊ। अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार तस्करी के आरोपी नितिन कुंडी, विवेक प्रजापति, प्रिंस गुप्ता व संदेश प्रताप सिंह की गिरफ्तारी का कारण न दर्शाने पर एसीजेएम सौरभ ओझा ने इनकी पुलिस कस्टडी रिमांड की अर्जी खारिज कर दी है। चारों को 20-20 हजार रुपये के मुचलके पर रिहा करने का आदेश दिया है। एसटीएफ ने आरोपियों को दो पिस्टल और अवैध असलहे, दो मैगजीन व 50 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। एसटीएफ ने चारों की रिमांड के लिए अर्जी दायर की थी। कोर्ट ने कहा कि एसटीएफ ने आरोपियों की गिरफ्तारी के समय उन्हें ना तो समुचित कारण बताया और न ही आधार बताया। इस कारण आरोपियों की अभिरक्षा अवैध हो चुकी है। कोर्ट ने कहा कि विवेचक ने सिर्फ गिरफ्तारी में खानापूर्ति की है। कोर्ट के निर्देशों का अनुपालन नहीं किया है।