राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज, देहरादून में सत्र जुलाई 2023 में आठवीं कक्षा में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इसमें आवेदन करने वाले छात्रों व छात्राओं की लिखित प्रवेश योग्यता परीक्षा तीन दिसंबर को राजधानी के राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में बनने वाले प्रदेशीय परीक्षा केंद्र में होगी।
उप शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) षष्ठ मंडल डॉ. ओम प्रकाश मिश्र के अनुसार प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन पत्र और विवरण-पत्रिका व पुराने प्रश्नपत्र राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज, गढ़ी कैंट, देहरादून से प्राप्त कर सकते हैं।
इसके साथ ही आरआईएमसी की वेबसाइट www.rimc.gov.in से ऑनलाइन भुगतान करके प्राप्त कर सकते हैं।
आवेदन पत्र, विवरण पत्रिका व पुराने प्रश्नपत्र के एक सेट के लिए सामान्य जाति के उम्मीदवार को 600 व अनुसूचित जाति/अनुसचित जनजाति के उम्मीदवार को 555 रुपये शुल्क देना होगा।
भुगतान प्राप्ति के बाद आवेदन पत्र व अन्य सामग्री स्पीड पोस्ट से आएगी। इसके अलावा निर्धारित राशि का बैंक ड्राफ्ट कमांडेंट, राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कालेज, देहरादून, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, तेल भवन, देहरादून बैंक कोड नं. 01576 के नाम से भुगतान करके प्राप्त कर सकते हैं।
उम्मीदवार प्रवेश पत्र मंगाने के लिए आवेदन पत्र के साथ 42 रुपये के चस्पा स्टांप टिकट, पठनीय पत्राचार पता अंकित लिफाफा दस्तावेजों सहित अनिवार्य रूप से संलग्न करें।
भरे हुए आवेदन पत्र 15 अक्तूबर तक या उससे पहले उप शिक्षा निदेशक (मा.), षष्ठ मंडल, लखनऊ-226003 के कार्यालय में पंजीकृत या स्पीड पोस्ट अथवा कोरियर सेवा से जमा करने के लिए भेजे जा सकेंगे। आवेदन पत्र कार्यालय में सीधे स्वीकार या प्राप्त नहीं किए जाएंगे।
यह होगी न्यूनतम अर्हता
उप शिक्षा निदेशक के अनुसार प्रवेश पाने के लिए उम्मीदवार की आयु सीमा 1 जुलाई 2023 को 11 वर्ष छह माह से कम व 13 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। उम्मीदवार का जन्म दो जुलाई 2010 से पहले और एक जुलाई 2012 के बाद नहीं होना चाहिए। राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज, देहरादून में जुलाई-2023 सत्र में प्रवेश के लिए उम्मीदवार को प्रवेश के समय एक जुलाई 2023 को किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में सातवीं कक्षा में अध्ययनरत या सातवीं कक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए।