लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है। विवि प्रशासन ने स्नातक (यूजी) प्रोफेशनल, परास्नातक (पीजी), पीजी प्रोफेशनल और पीएचडी (फुलटाइम व पार्टटाइम) पाठ्यक्रमों में आवेदन के लिए संशोधित तिथियों की घोषणा की है। प्रवेश समन्वयक प्रो. अनित्य गौरव के अनुसार, पीएचडी (फुलटाइम एवं पार्टटाइम) पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून से बढ़ाकर 15 जुलाई कर दी गई है। इसी प्रकार यूजी प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में बीबीए एलएलबी (इंटीग्रेटेड पांच वर्षीय), बीफार्मा और बीफार्मा लेटरल एंट्री के लिए भी आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। केंद्रीकृत प्रवेश प्रक्रिया के तहत संचालित पीजी एवं पीजी प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून से बढ़ाकर 5 जुलाई कर दी गई है। लविवि ने इसे अभ्यर्थियों के लिए अंतिम अवसर बताया है।