सलोन (रायबरेली)। कस्बे के औना सदरा मोहल्ले में रविवार दोपहर हाई वोल्टेज से घरों में लगे बिजली उपकरण फुंक गए। किसी के यहां बिजली का बोर्ड जलने लगा तो कहीं मीटर फुंक गया। घरों में लगे पंखे, कूलर, बल्ब समेत तीन लाख रुपये के उपकरण फुंक गए। सूचना विद्युत उपकेंद्र सलोन के कर्मचारियों को दी गई। टीम ने पहुंचकर जांच की।
मोहल्ले में दोपहर में बिजली आपूर्ति हो रही थी। अचानक वोल्टेज तेज आ गया। अर्जुन, लल्ले, तुलानी, विमल, मुन्ना, राजाराम, तुफान, ओम प्रकाश, रंजीत, मोहन, मोनू, जितेंद्र पटेल, दिलीप, पप्पू के घरों में लगे एलईडी, पंखा, कूलर, फ्रिज समेत अन्य उपकरण जल गए। बिजली के मीटर आग से जलने लगे। यह देख घरों में मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि करीब तीन लाख के उपकरण जले हैं। अवर अभियंता रंजन कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के चलते वोल्टेज ज्यादा हो गया था। समस्या दूर करा दी गई है।
रात भर गुल रही बिजली
गदागंज (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र के गोड़ा गांव में शनिवार रात केबल जलने से बिजली गुल हो गई। इसकी शिकायत अवर अभियंता व कर्मचारियों से की गई, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। करीब आधा घंटे तक केबल जलती रही। रात भर ग्रामीणों को अंधेरे में रहना पड़ा। इससे लोग गर्मी व उमस से बेहाल रहे।
गांव निवास संजय मिश्रा, धर्मेंद्र त्रिवेदी, गंगा मिश्रा, शिवशंकर त्रिवेदी, सतीश तिवारी, भोला शंकर त्रिवेदी, गिरधारी त्रिवेदी ने बताया कि गांव में बिजली विद्युत उपकेंद्र गदागंज के धूता फीडर से मिलती है। इस फीडर के कर्मचारी बेलगाम हैं। रात में कोई समस्या होती है तो कोई मौके पर नहीं जाता। फोन तक नहीं उठाते। गांव की जर्जर केबल को बदलवाने की मांग कई बार की गई, लेकिन अब तक केबल नहीं बदली गई। इस वजह से आए दिन केबल जल जाती है। अवर अभियंता नितीश दुबे ने बताया कि फॉल्ट सही करा दिया गया है।