ट्रॉफी के साथ आइटा टैलेंट सीरीज अंडर 12 टेनिस टूर्नामेंट के विेजेता खिलाड़ी
लखनऊ। आन्या ने आइटा टैलेंट सीरीज अंडर-12 टेनिस टूर्नामेंट में एकल और युगल वर्ग में खिताब जीत दोहरी सफलता हासिल की। प्रतियोगिता में बालक एकल वर्ग का खिताब अश्विक श्रीवास्तव और बालक युगल वर्ग का खिताब रुद्र चौरसिया व शिवांश की जोड़ी ने जीता। केडी सिंह बाबू स्टेडियम के टेनिस एरीना में आयोजित प्रतियोगिता में बालिका एकल वर्ग का फाइनल मुकाबला आन्या और हिया चौहान के बीच खेला गया। इस बेहद रोमांचक मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे का संघर्ष देखने को मिला। इसमें आन्या ने 4-6, 6-1, 6-2 से जीत दर्ज की। पहला सेट हारने के बाद के बाद आन्या ने शानदार वापसी की और अगले दो सेट आसानी से 6-1, 6-2 से अपने नाम किए। प्रतियोगिता के बालक एकल वर्ग के फाइनल में अश्विक ने मुकाबले का पहला सेट 7-6(4) से जीतने के बाद दूसरा सेट भी 6-2 से जीतकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में बालिका युगल वर्ग के फाइनल में आन्या ने हिया चौहान के साथ जोड़ी बनाते हुए 6-3, 6-3 से मुकाबला जीत लिया। इसके बाद बालक युगल फाइनल में रुद्र चौरसिया व शिवांश की जोड़ी ने अरनव श्रीवास्तव व मो. हमदान की जोड़ी को 7-5, 7-5 से हराते हुए खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन पर यूपी टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल ने विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।