हरिवंश राय बच्चन की पुण्यतिथि पर अनूप जलोटा का नया गीत
लखनऊ। पद्म भूषण डॉ. हरिवंश राय बच्चन की पुण्यतिथि पर भजन सम्राट अनूप जलोटा ने उन्हें एक विशेष संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की है। शहर के मशहूर गायक जलोटा ने बाबूजी की याद में एक मर्मस्पर्शी गीत रिकॉर्ड किया है, जिसका शीर्षक है, क्या बाबूजी फिर आएंगे। इस गीत की रचना गीतकार प्रेम कृष्ण ने की है, जबकि इसे संगीत के सुरों से सजाने का काम जाने-माने संगीत निर्देशक विवेक प्रकाश ने किया है। विवेक प्रकाश के अनुसार, यह मात्र एक गीत नहीं है, बल्कि डॉ. बच्चन की कालजयी कविताओं और उनके व्यक्तित्व को एक माला में पिरोने का एक प्रयास है। इस गीत के माध्यम से नई पीढ़ी को बच्चन जी के साहित्यिक योगदान और उनके जीवन दर्शन से रूबरू कराने की कोशिश की गई है। बताते हैं कि इस विशेष गीत का औपचारिक लोकार्पण रविवार को मायानगरी मुंबई में आयोजित एक समारोह में किया जाएगा।