लखनऊ। सत्संग से घर लौट रही वृद्धा को बुधवार को महिला टप्पेबाजों ने नशीला पदार्थ सुंघा दिया। उनके बेहोश होते ही जेवर लेकर भाग निकलीं। पीड़िता ने कृष्णानगर थाने में तहरीर दी है।
भोलखेड़ा निवासी श्रीचंद्र मिठाई की दुकान चलाते हैं। उनके मुताबिक बुधवार शाम उनकी मां सत्या देवी (88) सत्संग सुनने आलमबाग गई थीं। देर शाम ऑटो से घर आ रही थीं।
तभी सराफा बाजार के पास एक युवती और महिला ने मां को रोक लिया। युवती ने मां से उसकी आर्थिक मदद करने की बात कही। मां जैसे ही उनकी बात काे अनसुना कर आगे बढ़ीं तभी युवती ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघा दिया।
इसके बाद दोनों उन्हें एक गली में ले गईं और बाली, तीन अंगूठी और कड़े उतरवा लिए। होश आने पर मां घर पहुंचीं और उन्हें सूचना दी। एडिश्नल इंस्पेक्टर कृष्णानगर के मुताबिक सीसी फुटेज खंगाली जा रही है। अभी तक कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं।