प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के साथ गांव वालों को भी सिखाया जा रहा योग
लखनऊ। भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की ओर से गोद लिए गए कठिंगरा गांव के प्राथमिक विद्यालय में 16 दिवसीय योग कार्यशाला की शुरूआत शुक्रवार को की गई। योग साधक प्रशांत शुक्ला एवं योग प्रशिक्षिका स्नेहा राय के निर्देशन में कार्यशाला के पहले दिन बच्चों के स्वास्थ्य एवं उनकी रुचि के अनुरूप खेल-खेल में योग का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, शिक्षिकाओं और ग्रामीणों को योगासन सिखाए गए। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय ने तैयारी तेज कर दी है। राज्यपाल के निर्देश पर प्राथमिक विद्यालय में विवि के महिला अध्ययन केंद्र की ओर से योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विवि की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह ने बताया कि असिस्टेंट प्रो. रूचि खरे के देखरेख में कार्यशाला चल रही है।