लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रावास आवंटन में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए विद्यार्थियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। छात्र नेता रिशेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में विद्यार्थियों ने राज्यपाल से शिकायत कर आवंटन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। बृहस्पतिवार दोपहर से शुरू हुआ धरना पूरी रात जारी रहा। शुक्रवार को विद्यार्थियों ने आंदोलन अनिश्चितकालीन करने का एलान किया। छात्रों ने रिक्त सीटों और प्रवेश निरस्त होने से खाली हुई सीटों के आवंटन का आधार सार्वजनिक करने की मांग की है। विद्यार्थियों ने मेरिट और दूरी के आधार पर पात्र छात्रों को छात्रावास देने तथा मेस की अनियमितताओं का समाधान करने की मांग भी उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर न्यायोचित कार्रवाई होने तक धरना जारी रहेगा।