गोसाईंगंज। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे के बाद मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर गोसाईंगंज थाने में शनिवार शाम एफआईआर दर्ज की गई। अतिरिक्त निरीक्षक बृजेंद्र कुमार के मुताबिक, दिल्ली के मजलिस पार्क निवासी नीरज जायसवाल ने बताया कि पिता सत्यनारायण जायसवाल चालक कृष्ण कुमार राय के साथ शुक्रवार रात बिहार से दिल्ली लौट रहे थे। रात करीब 8:36 बजे टोल प्लाजा से दो किलोमीटर पहले एसयूवी का टायर पंचर होने पर वाहन सड़क किनारे खड़ा किया गया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कार ने एसयूवी में टक्कर मार दी। आरोप है कि हादसे के बाद कार सवारों ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर मारपीट की, चालक के गले से सोने की चेन लूट ली, एसयूवी में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मिले आधार कार्ड के आधार पर पीड़ित ने फर्रुखाबाद निवासी अंकित पाल और नेकराम की पहचान का दावा किया है।