किसी जमाने में पीडब्लूडी और सिंचाई जैसे महत्वपूर्ण महकमों की ताकतवर मंत्री रहीं पश्चिम यूपी की इस महिला नेता के सितारे लगता है गर्दिश में हैं।
लोकसभा का टिकट कटा तो पार्टी के नेताजी के सामने पहुंचकर दुखड़ा रोया। नेताजी पसीज गए और नवाज दिया लालबत्ती से। पर, यहीं से दिक्कतें बढ़ने लगीं।
दंगे को लेकर खूब चर्चा में रहे जिस पूर्व सांसद को उनकी जगह प्रत्याशी बनाया गया, उसी ने मैडम की फजीहत करा दी।
दंगे के दौरान कर्फ्यू में ढील मिली तो प्रेस कांफ्रेंस करके मैडम पर ही दंगे कराने का आरोप जड़ दिया। इसके बाद से मैडम की उलझनें बढ़ गईं हैं।
वह न आरोपों का खंडन कर रही हैं, न ही विरोध। स्थिति यह हो गई कि जिस क्षेत्र से वह रिकॉर्ड वोटों से चुनी गई थीं,
उसके किसी गांव तक में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहीं हैं। अटकलें कई हैं, कहा जा रहा है कि तार कहीं और भी जुड़ सकते हैं।