मेटा से मिला अलर्ट, नदी में कूदने जा रहे युवक को बचाया
लखनऊ। सआदतगंज निवासी 26 वर्षीय डिलीवरी बॉय ने बृहस्पतिवार दोपहर इंस्टाग्राम पर आत्महत्या करने की बात कहते हुए वीडियो पोस्ट किया। मेटा से मिले अलर्ट पर डीजीपी मुख्यालय ने पुलिस को सूचना दी। महज 10 मिनट के अंदर पुलिस लोकेशन पर पहुंच गई और उसे बचा लिया। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, डिलीवरी बॉय वीडियो में कह रहा था, मैं बहुत परेशान हूं। मेरी बीवी और उसके घरवाले मेरे खिलाफ हैं। मैं मरने जा रहा हूं। पुलिस मौके पर पहुंची तो वह नदी के पास खड़ा होकर रो रहा था। उसे समाझा-बुझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। डीजीपी मुख्यालय के अनुसार, एक जनवरी 2023 से 10 अक्तूबर के बीच आत्महत्या संबंधी पोस्ट पर अलर्ट मिलने के बाद प्रदेशभर में पुलिस ने 4071 लोगों की जान बचाई है।