लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की ओर से सभी संबद्ध संस्थानों में इनक्यूबेशन सेंटर की स्थापना की कवायद की जा रही है। इस क्रम में विश्वविद्यालय अब अच्छे सेंटर को सेक्शन 8 कंपनी के रूप में रजिस्ट्रेशन भी कराएगा। विवि की ओर से सभी संबद्ध संस्थानों को पत्र भेजकर उनके यहां इनक्यूबेशन सेंटर की स्थापना, आवश्यक संस्थागत व्यवस्था के विकास आदि से जुड़ी जानकारी विश्वविद्यालय को 21 जुलाई तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। विश्वविद्यालय के डीन इनोवेशन एंड सोशल एंटरप्रेन्योरशिप प्रो. बीएन मिश्रा ने कॉलेज अपने सेंटर की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध संरचना, नोडल अधिकारी, पंजीकृत सेक्शन 8 कंपनी, प्रस्तावित व्यवस्था, चल रहे नवाचार व स्टार्टअप गतिविधियों की जानकारी देंगे। इतना ही नहीं अगर वे किसी वजह से इनक्यूबेशन सेंटर नहीं शुरू कर सकते हैं तो इसका भी कारण सहित जानकारी उपलब्ध कराएं। प्रो. मिश्रा ने बताया कि प्रदेश के 15 राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों में, विश्वविद्यालय में दो सेक्शन 8 कंपनी का गठन किया जा चुका है। हमारा प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा कॉलेजों में भी इसका गठन किया जाए। ताकि इसका लाभ हमारे कॉलेजों के छात्र व शिक्षकों को भी मिले।