लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की यूजी और पीजी की नियमित व कैरी ओवर परीक्षाएं दिसंबर में प्रस्तावित हैं। इनके लिए परीक्षा फॉर्म भरने और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र 27 नवंबर तक फॉर्म भर सकेंगे। परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया ने बताया कि बीटेक पहले, तीसरे, पांचवें व सातवें, बीफार्मा सभी सेमेस्टर, बीआर्क, एमबीए, एमटेक, एमसीए पहले, तीसरे, पांचवें, सातवें व नवें, बीएचएमसीटी, बीएफए, बीएफएडी, बीवॉक के पहले, तीसरे, पांचवें व सातवें, एमबीए, एमआर्क, एमफार्मा, एमयूआरपी के पहले व तीसरे, बीबीए व बीसीए के पहले, तीसरे व पांचवें सेमेस्टर, फार्माडी के पहले, दूसरे व तीसरे वर्ष की परीक्षाएं होंगी। 15 अक्तूबर से दो नवंबर के बीच हुई कैरी ओवर परीक्षा में शामिल छात्रों के फॉर्म परिणाम घोषित होने के बाद भरे जाएंगे। परिणाम जारी करने की सूचना जल्द दी जाएगी।