लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के छात्र अब तकनीकी शिक्षा के साथ जापानी और जर्मन भाषा भी सीखेंगे। इसके लिए विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर एडवांस्ड स्टडीज की ओर से शनिवार को कैंपस में ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जर्मन और जापानी भाषा विशेषज्ञ रिजवान खान वारसी ने विद्यार्थियों को दोनों भाषाओं के सामान्य शब्दों और रोजमर्रा की बातचीत में इस्तेमाल होने वाले वाक्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम संयोजक डीन एकेडमिक्स डॉ. अनुज कुमार शर्मा ने कहा कि वैश्विक स्तर पर रोजगार के अवसर पाने के लिए विदेशी भाषाओं का ज्ञान भी जरूरी है। इन भाषाओं का ज्ञान रोजगार के नए रास्ते खोल सकता है। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. एवी उल्लास, डॉ. सौरभ मिश्रा और अनुराग नामदेव ने किया।