लखनऊ। कोरोना के बढ़ते मामलों पर शासन से जारी निर्देश के क्रम में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) प्रशासन ने भी विवि से संबद्ध सभी संस्थानों में 10 से 16 जनवरी तक सभी कक्षाएं ऑनलाइन चलाने के निर्देश दिए हैं। कुलपति प्रो. विनीत कंसल ने रविवार को इस बारे में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। प्रो. कंसल ने बताया कि पूर्व से निर्धारित व चल रही परीक्षाएं यथावत चलती रहेंगी। कॉलेजों को कहा गया है कि परीक्षाओं में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जारी आवश्यक निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। परिसर में चल रही सभी गतिविधियों के दौरान कोविड-19 गाइड लाइन का कड़ाई से पालन कराएं। क्लास को लेकर 16 जनवरी के बाद परिस्थितियों के अनुरूप अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे।