आने वाले समय में रोबोट से सीखेंगे बच्चे : प्रो. बेहरा
लखनऊ। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आने से काफी बदलाव आने वाला है। रोबोट की दुनिया मनुष्यों की तरह कई कामों को अंजाम देगी। आज रोबोट इंसानों की तरह सुनने के अलावा उन्हीं की तरह काम भी कर रहे हैं। अभी जिस तरह से बच्चे बड़ों से सीखतें हैं, आने वाले समय में उसी तरह से रोबोट भी सीखेंगे।
यह जानकारी आईआईटी मंडी के निदेशक प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा ने दी। वह डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार को सेंटर फॉर एडवांस स्टडीज व इनोवेशन हब की ओर से कॉगनिटिव रोबोटिक सिस्टम पर संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। प्रो. बेहरा ने इस मौके पर रोबोटिक्स के विभिन्न आयामों की जानकारी दी।
उन्होंने वर्तमान में रोबोटिक्स स्थिति और भविष्य में किस तरह से यह तकनीकी बदलेगी इस पर भी चर्चा की। एकेटीयू कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम में एसोसिएट डीन इनोवेशन डॉ. अनुज कुमार शर्मा, इनोवेशन हब के हेड महीप सिंह आदि शिक्षक व छात्र उपस्थित थे।