लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से संबद्ध संस्थानों में बीफार्मा पाठ्यक्रम की प्रवेश प्रक्रिया तेज हो गई है। तीन चरणों की काउंसिलिंग में 3338 अभ्यर्थियों को सीट आवंटित की गई है। इनकी 14 से 17 अक्तूबर तक संबंधित संस्थानों में फिजिकल रिपोर्टिंग होगी। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) से संबद्धता मिलने में देरी के कारण काउंसिलिंग प्रक्रिया प्रभावित हुई। अब स्पेशल राउंड की काउंसिलिंग 15 से 21 अक्तूबर तक होगी। इसमें नए अभ्यर्थी, खासकर 12वीं पास विद्यार्थी पंजीकरण करा सकेंगे। पहले पंजीकरण करा चुके और सीट नहीं पाने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा पंजीकरण की जरूरत नहीं होगी। स्पेशल राउंड में चाॅइस फिलिंग 22 से 25 अक्तूबर तक और सीट आवंटन 27 अक्तूबर को होगा।